हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजी डिग्री कोर्स की अंतिम वर्ष की परीक्षाओं पर फैसला न होने के बावजूद पीजी में प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन मांग लिए हैं। कोरोना महामारी से बने हालात और लगातार बढ़ रहे मामलों और पिछले सत्र में मेरिट आधार पर प्रवेश दिए जाने पर न्यायालय से लगी फटकार को ध्यान में रखकर ही इस बार पीजी प्रवेश का शेड्यूल जारी किया है। इस बार विवि ने प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक की मेरिट आधार पर और यूजी की मेरिट के आधार पर प्रवेश के दोनों विकल्प खुले रखे हैं।
कोरोना से बिगड़े हालात और कर्फ्यू , लॉकडाउन की संभावनाओं को देखते हुए प्रवेश परीक्षा करवाने या न करवाने पर फिलहाल फैसला नहीं लिया है। पीजी में प्रवेश को आवेदन करने की जारी अधिसूचना में अधिष्ठता अध्ययन ने साफ किया है कि प्रवेश परीक्षा आधारिक पीजी कोर्स में प्रवेश कैसे होगा, इस पर आने वाले समय में स्थिति को देखते हुए ही फैसला लिया जाएगा। इससे साफ है कि यदि कोरोना के कारण प्रवेश परीक्षा करवाना संभव नहीं हुआ, तो विवि क्वालिफाइंग एग्जाम की मेरिट को आधार मानकर कोर्स में प्रवेश देने का फैसला ले सकता है।
प्रवेश परीक्षा का होना तय नहीं, फिर भी चुकानी होगी पूरी आवेदन फीस
शिमला। पीजी कोर्स में प्रवेश परीक्षा हो पाएगी या नहीं यह फिलहाल तय नहीं है। लेकिन छात्रों को ऑनलाइन आवेदन फीस पूरी चुकानी होगी। अब सवाल यह है कि प्रवेश परीक्षा न करवाई गई, तो क्या छात्रों से एकत्र होने वाली करोड़ों की आवेदन फीस वापस होगी, या बीते सत्र की तरह यह विवि के खाते में ही चली जाएगी।
इन मेरिट आधारित कोर्स के लिए मांगे हैं आंनलाइन आवेदन
विवि ने मेरिट आधारित प्रवेश वाले डिग्री, डिप्लोमा कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके लिए 22 मई से एडमिशन पोर्टल खुल जाएगा। 31 जून तक इन कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि रहेगी। इन कोर्स की काउंसलिंग का शेड्यूल विवि अलग से जारी करेगा। इन मेरिट आधारित प्रवेश वाले कोर्स में डिप्लोमा इन योग, पीजी डिप्लोमा पॉलिमर साइंस, एप्लाइड एनालिटिकल केमिस्ट्री, वुमन डेवलपमेंट स्टडीज, ट्राइबल स्टडीज, एडल्ट एजूकेशन।
सर्टिफिकेट, एडवांस डिप्लोमा, डिप्लोमा इन फ्रैंच जर्मन, रश्यिन, भोटी। डिप्लोमा इन दीनदयाल उपाध्याय थॉट, पीजी डिप्लोमा इन आंबेडकर स्टडीज, साइंबर क्राइम प्रासिक्यूशन एंड डिफेंस। पीजी डिप्लोमा इन डिजास्टर मैनेजमेंट, बायोइंफामेटिक्स, सर्टिफिकेट कोर्स इन पेंटिंग, इंस्ट्रूूमेंटल म्यूजिक और सर्टिफिकेट कोर्स ड्रामा के अलावा एमए एजूकेशन आर्कियोलॉजी एंड एंनिश्यिंट हिस्ट्री, पॉपुलेशन स्टडीज और बी लिब इंफारमेशन साइंस, एमएसी डाटा साइंस एंड आर्टिफिश्यिल इंटेलिंजेंस, फोरेंसिक साइंस कोर्स के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं।