बीएएलएलबी कोर्स की 120 सीटों के लिए 750 आवेदन
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विधिक अध्ययन संस्थान (यूआईएलएस ) में शैक्षणिक सत्र में बीएएलएलबी ऑनर्स पांच वर्षीय डिग्री कोर्स के लिए 12 जून को काउंसलिंग होगी। इसको लेकर संस्थान की ओर से सूचना जारी कर दी गई है। कोर्स के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को उनके ई मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। संस्थान की कुल 120 सीटों के लिए इस बार भी प्रदेश और बाहरी राज्यों से 750 से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। बीएएलएलबी ऑनर्स कोर्स की 120 सीटों को भरने के लिए सरकार की ओर से तय किए गए आरक्षण रोस्टर के अनुसार ही सीटें भरी जानी हैं। इसकी जानकारी पहले ही संस्थान के प्रोस्पेक्ट्स में छात्रों को उपलब्ध करवाई गई थी। 12 जून को इन सभी सीटों के लिए संस्थान परिसर में दस से पांच बजे तक काउंसलिंग और डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए कॉलेज ने दस से अधिक टीमें बनाई हैं। बारहवीं के प्राप्तांक पर बनाई गई अलग-अलग श्रेणी की मेरिट ही प्रवेश का आधार है। इसके अनुसार ही हर वर्ग और श्रेणी की निर्धारित की गई सीटों का आवंटन किया जाता है। यूआईएलए के निदेशक प्रो. शिव कुमार डोगरा ने कहा कि काउंसलिंग को लेकर सभी विद्यार्थियों को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीते सत्र में भी सात सौ से अधिक आवेदन आए थे, इस बार इनकी संख्या में वृद्धि हुई है। 12 जून को काउंसलिंग में अपीयर पर शैक्षणिक और अन्य प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे।