प्रभावित परीक्षाओं का कार्यक्रम बदलने का आग्रह संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में यूजीसी-नेट/जेआरएफ और स्नातक (यूजी) परीक्षाओं की तिथियों में टकराव का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर एसएफआई की विश्वविद्यालय इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने नियंत्रक परीक्षा डॉ. श्याम लाल कौशल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परीक्षाओं का शेड्यूल दोबारा तय करने की मांग की।
एसएफआई के परिसर अध्यक्ष मुकेश ने ज्ञापन में कहा कि विश्वविद्यालय के अनेक विद्यार्थी यूजीसी-नेट/जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय की कुछ यूजी परीक्षाओं का आयोजन उन्हीं तिथियों पर होने से छात्रों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। संगठन के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में टकराव के कारण विद्यार्थियों को दोनों परीक्षाओं में से किसी एक का चयन करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, जिससे उनके शैक्षणिक और करियर संबंधी अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
एसएफआई ने मांग की कि जिन यूजी परीक्षाओं की तिथियां यूजीसी-नेट/जेआरएफ परीक्षा के साथ पड़ रही हैं, उन्हें छात्र हित में पुनर्निर्धारित किया जाए ताकि सभी विद्यार्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का समान अवसर मिल सके। एसएफआई विश्वविद्यालय इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम का टकराव छात्रों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान एसएफआई के विश्वविद्यालय इकाई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।