एचपीटीयू हमीरपुर ने संबंधित निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) और बीआर्क की खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट काउंसलिंग करने का निर्णय लिया है। स्पॉट काउंसलिंग संबंधित शिक्षण संस्थानों में 31 अक्तूबर को होगी। स्पॉट काउंसलिंग में सीटों का आवंटन सामान्य वर्ग (ओपन केटेगरी) के अंतर्गत शैक्षणिक योग्यता में अंकों की वरीयता के आधार पर ही होगा। जो अभ्यर्थी पहले ऑनलाइन काउंसलिंग के किसी भी दौर में भाग ले चुके थे और चयनित या चयनित नहीं थे या किसी भी कारण से शामिल नहीं हुए थे, उन सभी अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थानों में समय के अनुसार अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों और अन्य दस्तावेजों और उनकी प्रतिलिपियों के साथ उपस्थित होना होगा।
इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने पहले काउसलिंग के लिए आवेदन नहीं किया था और आवेदन फीस नहीं भरी थी, उन्हें 1,550 रुपये फीस भी जमा करवानी होगी। इसके अतिरिक्त अगर किसी अभ्यर्थी को सीट प्राप्त होती है तो उन्हें विश्वविद्यालय शुल्क 3,000 रुपये के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान के सभी शुल्क उसी समय देकर सीट पक्की करवानी होगी। परीक्षा नियंत्रक और डीन अकादमिक प्रो. राजेंद्र गुलेरिया ने बताया कि स्पॉट काउंसलिंग में भी सीटों का आवंटन शैक्षणिक योग्यता में अंकों की वरीयता के आधार पर ही होगा। खाली सीटों की जानकारी और स्पॉट काउंसलिंग का फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी।