हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की कम संख्या होने पर भी परीक्षा केंद्र सृजित करने या नवीनीकरण के लिए शुल्क में दी जाने वाली छूट खत्म कर दी है। शिक्षा बोर्ड संबंधित स्कूलों से अब प्रति परीक्षार्थी 300 रुपये शुल्क वसूल करेगा। तीन साल से विद्यार्थियों की कम संख्या पर परीक्षा केंद्र बनाने या बहाल रखने की एवज में स्कूलों से बोर्ड प्रति विद्यार्थी 150 रुपये शुल्क वसूल करता आ रहा है। अब 2024-25 में होने वाली बोर्ड परीक्षा में ऐसे स्कूलों से 300 रुपये प्रति छात्र शुल्क वसूल किया जाएगा। वहीं, शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या वाले स्कूलों से परीक्षा केंद्र स्थापित करने पर सालाना तीन हजार रुपये शुल्क ही वसूल करेगा।
कोविड-19 के समय सरकार के आदेश पर कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों को राहत प्रदान की गई थी। उनसे 150 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से शुल्क वसूल किया जाता था। अब जबकि कोरोनाकाल खत्म हो चुका है तो बोर्ड आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अब पूरा शुल्क यानी 300 रुपये प्रति छात्र वसूल करेगा। -डॉ. विशाल शर्मा, सचिव, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला