उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से शुरू हो रही दसवीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के संचालन के लिए नियुक्त किया गया कोई शिक्षक अगर कोरोना संक्रमित पाया जाता है तो साथ लगते स्कूल से शिक्षकों को ड्यूटी के लिए बुलाया जाएगा। बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने सोमवार दोपहर बाद सभी जिला उपनिदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए सिटिंग प्लान एसओपी के जरिये बनाया गया है।
उचित दूरी रखते हुए विद्यार्थियों को बिठाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों को सोमवार को सैनिटाइज कर दिया गया है। रोजाना परीक्षा से पहले भी सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया जाएगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड और शिक्षा निदेशालय ने इसकी पूरी तैयारी की है। उच्च शिक्षा निदेशक ने बताया कि स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कोरोना संक्रमित विद्यार्थियों की बाद में परीक्षा लेने का फैसला लिया है। किसी भी विद्यार्थी का साल खराब नहीं होने दिया जाएगा। इनके लिए परीक्षाएं एक या दो माह के बाद होंगी।
52 परीक्षा केंद्रों में महिला शिक्षकों की होगी नियुक्ति
देश की पहली महिला शिक्षिका और समाजसेवी सावित्रीबाई फुले के सम्मान में प्रदेश के 52 परीक्षा केंद्रों को सावित्रीबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र के नाम से अलंकृत किया गया है। दसवीं और जमा दो कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के लिए इन चयनित 52 परीक्षा केंद्रों में केंद्र अधीक्षक, उपअधीक्षक के रूप में केवल महिला प्राध्यापकों/अध्यापकों को ही नियुक्त किया गया है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा की ओर से इस संदर्भ में सभी जिला उपनिदेशकों को सोमवार को लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यदि स्कूल शिक्षा बोर्ड कार्यालय की ओर से नियुक्त महिला केंद्र अधीक्षक और उपअधीक्षक किन्हीं कारणों से चयनित केंद्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने में असमर्थ रहती है तो इनके स्थान पर अन्य महिला शिक्षिका को नियुक्त किया जाए।