हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में खाने का ठेके के मामले की निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवाई जाए। सरकार ने दस दिन में कार्रवाई नहीं की तो युकां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल का घेराव करेगी।
यदुपति ठाकुर ने रविवार को प्रेस सम्मेलन में कहा कि कंपनी को ठेका देने के लिए शर्तें भी कंपनी के हिसाब से तय की गईं, जिससे प्रदेश का कोई भी व्यक्ति हिस्सा न ले सके। पहले अस्पताल की रोगी कल्याण समिति के माध्यम से यह काम 2.39 करोड़ में किया जाता था। उसी काम का ठेका बाहरी कंपनी को 4.96 करोड़ में दिया गया है।
अस्पताल प्रशासन दावा कर रहा है कि अभी किसी को ठेका नहीं दिया गया है, लेकिन ठेका देने से संबंधित कागज युकां के पास हैं। कहा कि युकां मामले की जांच विजिलेंस से करवाने के पक्ष में नहीं है, क्योंकि पीपीई किट मामले की जांच भी विजिलेंस ने की थी। विजिलेंस ने जांच के नाम पर इस मामले से सिर्फ लीपापोती की है।