हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने मानसून सीजन में अपने होटलों में 20 से 40 फीसदी का डिस्काउंट देने का फैसला लिया है। केलांग के होटल चंद्रभागा, काजा में द स्पिति, कल्पा के किन्नर कैलाश, होटल सुकेत, विल्ली पार्क, चंपक और हमीर होटल को छोड़कर निगम के सभी होटलों में यह छूट मिलेगी। यह छूट 15 जुलाई से 12 सितंबर तक मिलेगी। समर सीजन के अंत जून महीने में निगम के होटलों में ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी तक चल रही है। निगम के शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली और चंबा सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में स्थित होटलों में छूट मिलेगी। पर्यटन निगम की वेबसाइट पर सभी होटलों की रेट लिस्ट और अन्य जानकारी उपलब्ध रहेगी।