हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बस पलटते ही स्थानीय लोग और दुकानदार मदद के लिए मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। पठानकोट-मंडी हाईवे पर हादसे के कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करवाया। डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
कुत्ते से बचने के चक्कर में पशुओं से टकराई बाइक, दो घायल
बिलासपुर गांव में सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक सवार दो युवक सड़क पर बैठे लावारिस पशुओं के झुंड से टकरा गए। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार जम्मू के कठुआ से मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे दोनों युवक क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक कुत्ता बाइक के पीछे भौंकने लगा। कुत्ते से बचने के प्रयास में चालक ने बाइक दूसरी ओर मोड़ी, जहां सड़क पर बैठे बेसहारा पशुओं के झुंड से बाइक टकरा गई। हादसे के बाद स्थानीय व्यक्ति ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी की लापरवाही सामने नहीं आई है। इसके चलते कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।