हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए-आईटी) पोस्ट कोड 817 के 479 पदों के लिए उम्मीदवारों को शार्टलिस्ट किया है। करीब चार साल बाद 479 सीटों के लिए दस्तावेजों के सत्यापन के लिए शार्टलिस्ट किए कई श्रेणियों के अभ्यर्थी अब बीपीएल प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करवा सकेंगे, क्योंकि पिछले पांच साल से लटके इस परिणाम के कारण अधिकतर अभ्यर्थी बीपीएल से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में इन अभ्यर्थियों ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग और प्रदेश सरकार से राहत की गुहार लगाई है। बीपीएल श्रेणी से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का कहना है कि जब उन्होंने पोस्ट कोड-817 के लिए आवेदन किया था तो उस समय में बीपीएल में थे।
जब परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट दिया, उस समय भी वे बीपीएल में थे। इसके बाद किन्हीं कारणों से वे बीपीएल से बाहर हो गए। अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार और हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग से मांग की है कि डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान ऐसे अभ्यर्थियों के उस कार्ड को रिजल्ट आने तक की तिथि के बीपीएल कार्ड को मान्य किया जाए, ताकि ऐसे अभ्यर्थियों को भी सरकारी नौकरी का मौका मिल सके। इस संदर्भ में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर के प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र सांजटा का कहना है कि डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान श्रेणी संबंधित नए दस्तावेजों को दर्शाना होता है। फिर भी ऐसे अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए इस मामले को आयोग की बीओडी में रखेंगे।