उधर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल है और कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। वह शुक्रवार को मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं। भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने उनका स्वागत किया और समारोह में साथ मौजूद रहे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि संगठन की सोच पर ही सरकार काम कर रही है।
ओपीएस जैसी गारंटी को पूरा किया जा चुका है। बाकी गारंटियों को भी पूरा करने का काम चला है। हिमाचल में सड़कों के सुधार और विस्तार पर 2,600 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। विक्रमादित्य सिंह के मंडी सदर के दौरे से पहले ही विधायक अनिल शर्मा के पुत्र आश्रय शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल दी थी।
आश्रय शर्मा ने लिखा था कि विक्रमादित्य सिंह ऐसे उद्घाटन करने के लिए आ रहे हैं जो कई वर्षों पहले ही हो चुके हैं। इस पर पूछे गए सवाल के जबाव में विक्रमादित्य सिंह ने हंसते हुए जबाव देकर कहा कि आश्रय शर्मा की टिप्पणी पर अनिल शर्मा ही बेहतर बता सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सड़कों के अपग्रेडेशन के कार्यों का शुभारंभ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौन क्या टिप्पणी कर रहा है उस पर कुछ नहीं कहेंगे।