हिमाचल प्रदेश सरकार ने 14 निजी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए कोर्सेज की फीस तय कर दी है। निजी विवि की ओर से भेजे प्रस्तावों पर कई दिनों मंथन करने के बाद शनिवार को फीस का ढांचा जारी किया। शिक्षा विभाग की ओर से जारी की अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि फीस के नाम पर निजी विवि बिल्डिंग, डेवलपमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर फंड नहीं वसूल सकेंगे।
दो किस्तों में ट्यूशन फीस लेने का प्रावधान किया गया है। तय फीस से अधिक वसूली करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नया फीस स्ट्रक्चर संस्थानों में पहले से शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों पर लागू नहीं हाेगा। उनसे पुरानी फीस ही ली जाएगी। निजी विश्वविद्यालयों में इस साल प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से नए स्ट्रक्चर के आधार पर फीस ली जाएगी। ट्यूशन फीस दो किस्तों में वसूलनी होगी। विवि फीस एक ही किस्त में देने का दबाव नहीं डालेंगे।
नया फीस स्ट्रक्चर कोर्स पूरा होने तक लागू रहेगा, इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। सरकार को हर साल नया सत्र शुरू होने से पहले फीस स्ट्रक्चर तय करना होता है। स्पष्ट किया गया है कि अगर कोई संस्थान आदेशों का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निजी विवि सरकार की मंजूरी बिना कोई भी नया कोर्स शुरू नहीं कर सकेंगे। अगर किसी कोर्स की सरकार से मंजूरी नहीं मिलती है और फीस कमेटी ने उस कोर्स का फीस स्ट्रक्चर तय कर दिया है तो ऐसा कोर्स मान्य नहीं होगा। यूजीसी के निर्देशानुसार ही शिक्षक भर्ती करने पड़ेंगे। प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से विवि के विद्यार्थियों को अवगत करवाना होगा। हिमाचली बोनाफाइड बीपीएल/आईआरडीपी विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालयों को 10 फीसदी सीटें आरक्षित रखनी होंगी। उनसे ट्यूशन फीस भी वसूल नहीं की जाएगी।
इन विवि के लिए तय हुआ फीस ढांचा
चितकारा विवि बरोटीवाला, इंटरनल विश्वविद्यालय बड़ू साहिब सिरमौर, शूलिनी विवि सोलन, श्रीसाईं विवि पालमपुर, महाराजा अग्रसेन विवि बद्दी, आईईसी विवि बद्दी, आईसीएफएआई विवि बद्दी, एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी, बद्दी यूनिवर्सिटी ऑफ इमर्जिंग साइंस एंड टेक्नालॉजी, बाहरा विवि वाकनाघाट, इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऊना, अरनी यूनिवर्सिटी काठगढ़ कांगड़ा, करियर प्वाइंट विवि हमीरपुर और अभिलाषी विश्वविद्यालय मंडी के लिए 2024-25 का फीस ढांचा तय किया गया है।