अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में वन डे मैच की सफल मेजबानी करने के बाद हिमाचल को 15 रणजी मैच करवाने का मौका मिला है। प्रदेश के तीन क्रिकेट स्टेडियमों में ये मैच करवाए जाने हैं।
इसको लेकर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने तैयारी शुरू कर दी है। एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि ये मैच छह नवंबर से 14 नवंबर के बीच करवाए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन जगह रणजी मैच करवाए जाएंगे। इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला के साथ बिलासपुर का लुहणू स्टेडियम और नादौन का अमतर मैदान शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने इस सीजन में एचपीसीए को 15 रणजी मैच करवाने का जिम्मा सौंपा है। प्रदेश के तीन स्टेडियमों में पांच-पांच मैच करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रणजी मैचों के दौरान नामी क्रिकेटर भी यहां बल्ला भांजते नजर आएंगे। स्टार क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, आशीष नेहरा और हरभजन सिंह भी यहां खेलने आ रहे हैं।
इनके अलावा राष्ट्रीय चयनकर्ता विक्रम राठौर भी जल्द ही मैदानों का निरीक्षण करने आ रहे हैं। एचपीसीए सचिव ने कहा कि प्रदेश को एकसाथ 15 रणजी मैचों की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ाया देने को प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन प्रयासरत है। भविष्य में और भी घरेलू मैच प्रदेश के मैदानों पर करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रणजी मैच देखने के लिए स्थानीय स्कूलों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों को भी न्योता भेजा जाएगा। बिलासपुर के लुहणू स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा को जिम्नेजिमय और बॉलिंग मशीन की भी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।