उच्च शिक्षा विभाग ने सरकार के आदेशों का पालन करते हुए मंगलवार को नए कॉलेज खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है।
- फोटो : Demo pic
प्रदेश में खोले जाने वाले पांच नए सरकारी डिग्री कॉलेजों में जून महीने से ही शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। 11 मई को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा में नए कॉलेज खोलने की घोषणा की थी।
उच्च शिक्षा विभाग ने सरकार के आदेशों का पालन करते हुए मंगलवार को नए कॉलेज खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है। कॉलेजों में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के 90 पद भी सृजित कर दिए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान ने अधिसूचना जारी होने की पुष्टि की है।
मंत्रिमंडल ने हमीरपुर जिले के धनेटा, कांगड़ा के जंदौड़, ऊना के खड्ड, कुल्लू के निरमंड और चंबा के लील्ह कोठी में स्टाफ सहित नए कॉलेज खोलने का फैसला लिया है। उच्च शिक्षा विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंगलवार को कॉलेज खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है।
जून 2016 से इन कॉलेजों में कक्षाएं शुरू होंगी। नए खोले जाने वाले कॉलेजों में प्रिंसिपलों के अलावा अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और कामर्स के असिस्टेंट प्रोफेसरों, लाइब्रेरियन, अधीक्षक ग्रेड टू, सीनियर असिस्टेंट, जूनियर ऑफिस असिस्टेंट, चपरासी और चौकीदारों के पद सृजित किए गए हैं। कॉलेजों में बजट की कमी पेश न आए, इसके लिए नॉन प्लान के तहत बजट खर्च किया जाएगा।