प्रदेश सरकार ने ट्रेनी पटवारियों का स्टाइपेंड बढ़ा दिया है। पहले ट्रेनिंग पटवारियों को 1000 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलता था, अब इन्हें 3000 रुपये मिलेंगे। प्रदेश सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
हिमाचल में 600 के करीब पटवारी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें कई पटवारियों को जोगिंद्रनगर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि कुछ ट्रेनिंग पटवारियों को सर्कल में तैनात पटवारियों के साथ अटैच करके फील्ड में जमीन की पैमाइश करने की जानकारी दी जा रही है।
हिमाचल में पटवारियों का टोटा है। 544 सर्कल ऐसे हैं जहां नियमित तौर पर पटवारी नहीं है। इन सर्कलों का अतिरिक्त कार्यभार दूसरे पटवारियों को सौंपा है। पटवारियों की कमी के चलते सरकार ने 600 के करीब नए पटवारियों की नियुक्ति करने का फैसला लिया था।
इसके लिए लिखित परीक्षा ली गई थी जिसमें 600 के करीब लोगों का पटवारियों के लिए चयन किया गया था। इन पटवारियों को प्रशिक्षण लेते हुए करीब एक साल हो गया है। एक साल के बाद ट्रेनिंग पटवारियों की सर्कलों में तैनात किया जाना है।
राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का कहना है कि ट्रेनिंग पटवारियों का स्टाइपेंड बढ़ा दिया है, अब ट्रेनिंग करने वाले पटवारियों को 3000 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। ट्रेनी पटवारी काफी समय से स्टाइपेंड की मांग कर रहे थे।