हिमाचल प्रदेश विधानसभा शीत सत्र के तीसरे दिन की बैठक के समापन से पहले कोरम पूरा नहीं होने का मुद्दा उठा। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में कहा कि कोरम पूरा नहीं है। बार-बार घंटी बजाने पर ही कोरम पूरा हो रहा है, लेकिन एक और प्रस्ताव लंबित है। वह आग्रह करेंगे कि सदस्य इंद्र दत्त लखनपाल इस प्रस्ताव को प्रस्तुत करें, लेकिन इस पर अगले कार्य दिवस पर ही चर्चा की जाएगी। इस पर लखनपाल ने गैर सरकारी सदस्य संकल्प प्रस्तुत किया कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए युवा खेल नीति बनाने पर विचार करे। अध्यक्ष ने कहा कि इस संकल्प का समय 30 मिनट है, लेकिन कोरम की जरूरत है। इसलिए सदन की बैठक को आगे स्थगित करते हैं और इस संकल्प को अगले गैर सरकारी सदस्य दिवस पर लाया जाएगा। बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी सदन में कोरम पूरा नहीं होने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार के दिन सबको जाने की जल्दी होती है। कुछ विधायक इधर-उधर थे, तो कुछ इंटरव्यू दे रहे थे। धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोरम पूरा नहीं होने पर कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी हो।