हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत मक्कड़ के गांव अवाह अप्पर में दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। हल्का पटवारी ने अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। पीड़ित परिवार के बेटे की एक दिन पहले ही शादी हुई थी। अग्निकांड में दो लाख रुपये कैश, ज्वेलरी सहित दुल्हन का सारा सामान और शादी समारोह को लगाए टेंट जलकर राख हो गए।
अग्निकांड के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सभी सदस्य शादी के बाद दुल्हन के साथ ज्वालाजी मंदिर माथा टेकने गए थे। हालांकि, आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही सब जलकर राख हो गया था।
देवराज पुत्र स्व. दूनी चंद निवासी अप्पर अवाह के बेटे की शादी बुधवार को हुई। वीरवार सुबह देवराज परिवार सहित ज्वालाजी मंदिर माथा टेकने चला गया। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे उसके पुराने दोमंजिला मकान में अचानक आग भड़क गई।