बरसात और छुट्टियां खत्म होने पर घरों को लौटने लगे लोग
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में मानसून की दस्तक के साथ ही समर टूरिस्ट सीजन की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। गर्मी से राहत पाने के लिए शिमला का रुख कर रहे सैलानी अब लौटने लगे हैं। वीकेंड पर भी शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी घट गई है।
पिछले वीकेंड की तुलना में इस बार होटलों में बुकिंग 30 से 40 फीसदी तक घटी है। इसका असर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। आमतौर पर वीकेंड पर गुलजार रहने वाले माल रोड, रिज, कुफरी और आसपास के पर्यटन स्थलों पर शनिवार को अपेक्षाकृत कम चहल-पहल देखने को मिली, वहीं लोअर बाजार में भीड़ कम रही। बीते वीकेंड पर होटलों में 70 से 80 फीसदी बुकिंग थी, इस बार 40 से 50 फीसदी रह गई है। इसका असर होटलों की ऑक्यूपेंसी, टैक्सी कारोबार, रेस्तरां और स्थानीय बाजारों पर देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन
लोअर बाजार के कारोबारी तरुण राणा ने बताया कि बाहरी राज्यों में स्कूल खुलने और गर्मियों की छुट्टियां समाप्त होने के कारण पर्यटकों की आवाजाही में कमी आई है। इसके अलावा मौसम में बदलाव और बारिश का असर भी पर्यटकों की यात्रा योजनाओं पर पड़ा है।
कोट जून के अंतिम सप्ताह तक अधिकांश होटलों में अच्छी बुकिंग थी, वहीं जुलाई के पहले हफ्ते में होटलों में 50 फीसदी कमरे बुक रहे। इसका मुख्य कारण बाहरी राज्यों में गर्मियों की छुट्टियां खत्म होना है। उम्मीद है कि मौसम खुलने के साथ सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
-प्रिंस कुकरेजा, उपाध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला