चिंतपूर्णी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात गृहरक्षक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पुजारियों के मंदिर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। मंदिर प्रशासन ने यह रोक पांच दिन के लिए लगाई है। इसके बाद पुजारी मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। शनिवार से पांच दिन तक सिर्फ दो ही पुजारी सुबह और शाम की आरती तथा पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर प्रशासन ने बीते शुक्रवार को गृहरक्षक के पॉजिटिव आने के बाद एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया है। आगामी आदेशों तक मंदिर में किसी भी पुजारी के जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मंदिर परिसर को सैनिटाइज करवाया गया है। पॉजिटिव होमगार्ड के संपर्क में आए गृहरक्षकों के अलावा कुछ सेवादारों को भी होम क्वारंटीन रहने के आदेश दिए गए हैं।
उधर, मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने बताया कि गृहरक्षक के कोरोना संक्रमित होने के बाद दो पुजारियों को छोड़कर अन्य पुजारियों की मंदिर में एंट्री पर रोक लगा दी गई है। यह रोक पांच दिन के लिए होगी। उधर, पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा तथा अन्य पुजारियों में राजेंद्र पप्पू, मास्टर केवल कालिया, भूषण कालिया, निरंजन कालिया, जीत लाल कालिया ने मंदिर प्रशासन के निर्णय का स्वागत किया है। कहा कि पुजारी वर्ग कोरोना संकट में प्रशासन के साथ खड़ा है। मंदिर में पॉजिटिव मामला आने के बाद पुजारियों के मंदिर में प्रवेश पर रोक के प्रशासन के निर्णय से वे सहमत हैं। रविंद्र कालिया ने कहा कि प्रशासन के आदेशों के बाद मंदिर में सिर्फ दो ही पुजारी पांच दिन तक सुबह-शाम की आरती और पूजा करेंगे। इनका पांच दिन तक ठहरने का प्रबंध भी मंदिर प्रशासन ने मंदिर भवन के पास ही किया है।