पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश बदले की आग में धधक रहा है वहीं सुंदरनगर में हिंदू और मुस्लिम समुदाय आपसी सौहार्द की मिसाल पेश कर रहे हैं। यहां एक गरीब मुस्लिम की बेटी की शादी के लिए हिंदू समुदाय के लोग आगे आकर सहयोग कर रहे हैं।
आर्थिक मदद की जा रही है। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने भी शादी के लिए 10 हजार की आर्थिक मदद की है। शनिवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से डिनक के रड़ा गांव में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया।
इसमें नाचन के भाजपा विधायक विनोद कुमार भी मौजूद रहे। जिला सुंदरनगर अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष एवं वक्फ बोर्ड के सदस्य आफताब मोहम्मद ने बोर्ड की ओर से गरीब कन्या की शादी के लिए 25 हजार और अपनी तरफ से 5 हजार रुपये की राशि बेटी के पिता शकील अहमद को प्रदान की।
विधायक विनोद कुमार ने 10 हजार रुपये गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए दिए। नाचन के हुकम ठाकुर, विजय ठाकुर, बिशनदास, बलदेव कुमार, शंकरदास भी कार्यक्रम का हिस्सा बने और गरीब परिवार की सहायता की।
नाचन मंडल अल्पसंख्यक के अध्यक्ष मोहम्मद सैहनाज, नूर के अलावा अलहूदा सोसायटी के चेयरमैन नूर अहमद ने सोसायटी की ओर से दस हजार रुपये की राशि गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए प्रदान की। इसके अलावा वक्फ बोर्ड की ओर से डिनक डुगराई, नेरचौक और सुंदरनगर की 6 मस्जिदों के लिए गलीचे विधायक के माध्यम से दिए गए।