हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होते ही शनिवार को तीन दिन बाद अटल टनल रोहतांग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुई। केलांग से चार दिन बाद निगम की बस सेवाएं शुरू हुईं। अटल टनल रोहतांग को सभी तरह के वाहनों के लिए दारचा तक बहाल कर दिया गया है। चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी हुई है। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 और पांवटा साहिब में 21 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में रविवार और सोमवार को बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं। 26 अप्रैल तक इन क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 24 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। 26 अप्रैल के लिए बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 26 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
पांगी के दर्जन भर गांवों में 15 घंटे रहा ब्लैक आउट
उधर, जनजातीय क्षेत्र पांगी के कैरल, माहलत, थमोह, करयास, पुंटो, प्रेगा, हुड़ान भुटोरी, किलाड़ बस स्टैंड समेत आसपास के गांवों में 15 घंटों तक ब्लैकआउट रहा। बिजली आपूर्ति शुक्रवार देरशाम 7:00 बजे जोरदार गर्जना के साथ अचानक से बंद पड़ गई। शनिवार सुबह सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 9:00 बजे विद्युत आपूर्ति को सुचारू करवाया। शुक्रवार देररात को पांगी के किलाड़ मुख्यालय में 15.24 सेंटीमीटर और ऊपरी चोटियों में डेढ़ फीट तक ताजा बर्फबारी हुई है। इससे पूरा पांगी क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। हालांकि शनिवार को मौसम खुलने से कुछ राहत मिली।
केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस में
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.1, सुंदरनगर 9.4, भुंतर 6.6, कल्पा 0.0, धर्मशाला 11.4, ऊना 12.8, नाहन 16.2, केलांग माइनस 3.7, पालमपुर 10.0, सोलन 10.6, मनाली 2.4, कांगड़ा 12.1, मंडी 10.6, बिलासपुर 15.0, हमीरपुर 10.6, चंबा 9.9, डलहौजी 9.1, जुब्बड़हट्टी 11.4, कुफरी 5.4, कुकुमसेरी 0.1, नारकंडा 2.5, भरमौर 10.0, रिकांगपिओ 3.2, सेऊबाग 4.0, धौलाकुआं 14.9, मशोबरा 8.3, पांवटा साहिब 21.0, सराहन 5.0 और देहरागोपीपुर में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान
शिमला में अधिकतम तापमान 20.0, सुंदरनगर 27.0, भुंतर 24.0, कल्पा 12.6, धर्मशाला 23.0, ऊना 30.6, नाहन 27.8, केलांग 4.0, सोलन 28.0, मनाली 16.0, कांगड़ा 27.8, मंडी 28.2, बिलासपुर 30.0, हमीरपुर 28.7, चंबा 23.3, डलहौजी 14.7, जुब्बड़हट्टी 23.0, कुफरी 13.5, नारकंडा 13.3, भरमौर 16.5, रिकांगपिओ 19.1 और मशोबरा में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।