फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल की चोटियों पर बर्फबारी, शिमला में झमाझम बरसे बादल, तीन दिन बारिश-अंधड़ का अलर्ट

Sat, 01 May 2021 10:10 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

 प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा तथा मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू व चंबा में पांच मई तक अंधड़ और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 
विज्ञापन
शिमला में झमाझम बारिश। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलते ही दोबारा बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को रोहतांग समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। शनिवार शाम राजधानी शिमला, हमीरपुर, कुल्लू सहित कई अन्य जिलों में बादल झमाझम बरसे। कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा में अंधड़ का दौर जारी रहा। इसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। मैदानी जिलों में बारिश ने गर्मी से हल्की राहत दिलाई। रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। शनिवार को रोहतांग के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मनाली में बूंदाबांदी के साथ सुबह अंधड़ चला।

विज्ञापन


इससे बिजली लाइन बाधित होने से कुल्लू शहर में करीब पांच घंटे बत्ती गुल रही। अंधड़ से प्लम, नाशपाती, सेब और टमाटर की फसलों को नुकसान हुआ। जिला मुख्यालय कुल्लू में अंधड़ से रेहड़ी-फड़ी और ढाबों के कई टेंट उड़ गए। राजधानी शिमला में सुबह से ही बादल छाए रहे। शाम करीब चार बजे शहर में बारिश शुरू हुई। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 38.0, बिलासपुर में 37.0, हमीरपुर में 36.4, कांगड़ा में 34.9, सुंदरनगर में 33.9, नाहन में 32.7, सोलन में 30.6, भुंतर में 29.8, धर्मशाला में 27.4, शिमला में 24.5, डलहौजी में 20.6, कल्पा में 20.4 और केलांग में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

10 जिलों में 5 मई तक अंधड़ और बारिश की चेतावनी
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में पांच मई तक अंधड़ और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने दो, चार और पांच मई को इन जिलों में बारिश- अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में सात मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के आसार हैं।
विज्ञापन


भिंगी नाले में गिरा हिमखंड हटाया, सड़क बहाल
उधर,  लाहौल घाटी के दुर्गम क्षेत्र मयाड़ की तिंगरेट और चिमरेट पंचायत के लोगों को बर्फबारी के 12 दिन बाद राहत मिली है। लोनिवि चिनाब मंडल उदयपुर ने मयाड़ घाटी के शुक्टो गांव तक 32 किमी लंबी संपर्क सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। इस मार्ग में भिंगी नाले में गिरे विशालकाय हिमखंड को हटाने में लोनिवि को समय लग गया। हिमखंड के दायरे से बर्फ हटाने में विभाग को चार दिन का समय लगा है।

इससे पहले इसी मार्ग पर उदयपुर से तीन किमी आगे गिरी चट्टानों को हटाने में भी विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अब इस मार्ग के बहाल होते ही एक बार पुन छोटे व बड़े वाहन दौड़ने शुरू हो गए हैं। मयाड़ घाटी के लोगों ने सड़क बहाली पर खुशी जताते हुए लोनिवि व मंत्री रामलाल मारकंडा का आभार जताया है। लोनिवि के सहायक अभियंता केडी कश्यप ने कहा कि मयाड़ घाटी के शुक्टो तक सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी है। भिंगी नाले में गिरे हिमखंड को हटाकर लोगों को राहत दी है।

विज्ञापन

मौसम ने साथ दिया तो दो मई को बहाल हो सकता मनाली-लेह मार्ग

 बारालाचा दर्रा बंद होने से मनाली-लेह मार्ग पिछले 11 दिनों से यातायात के लिए ठप पड़ा है। भारी बर्फबारी के चलते दर्रे पर 40 से अधिक वाहन फंसे हैं। बीआरओ दर्रे को खोलने के लिए दोनों ओर से बर्फ हटाने में जुटा है। अभी भी बारालाचा दर्रा खोलने के लिए दो से तीन किलोमीटर दायरे से बर्फ हटाना शेष है। अगर मौसम ने साथ दिया तो दर्रा रविवार शाम तक बहाल हो सकता है।

दारचा से बारालाचा के बीच फंसे मुसाफिरों, कामगारों तथा ट्रक चालकों को बीआरओ व स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से रेस्क्यू कर केलांग और जिस्पा में रखा है। उनको राशन व अन्य सामान की उचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा की की गई है। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने कहा कि मनाली-लेह मार्ग को बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें