मई महीने में हिमाचल प्रदेश के हर गरीब परिवार को एक किलो मुफ्त चने दिए जाएंगे। खाद्य, आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बताया कि सरकार ने फैसला लिया है कि प्रदेश के हर गरीब परिवार को एक किलो मुफ्त काले चने दिए जाएंगे। सरकार ने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीबों को पांच किलो गेहूं और चावल मुफ्त देने की घोषणा के बाद लिया है। दूसरे राज्यों की ही तरह प्रदेश में भी गरीबों को प्रधानमंत्री मोदी की घोषणा के बाद मिलने वाला मुफ्त राशन भी मई महीने से मिलना शुरू हो जाएगा। इसमें गरीब परिवारों के हर सदस्य के हिसाब से तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं मुफ्त में दिया जाएगा।
प्रदेश में बीपीएल, अंत्योदय और पीएचएच की तीन श्रेणियों में आने वाले गरीबों को यह मुफ्त राशन और चने मिलेंगे। केंद्र की तरफ से मिलने वाला राशन मई और जून दो महीने मिलेगा। वहीं, सरकार की तरफ से दिए जाने वाले काले चने सिर्फ मई महीने में ही दिए जाएंगे। केंद्र सरकार की तरफ मिलने वाला पांच किलो राशन परिवार के हर सदस्य के हिसाब से मिलेगा, जबकि प्रदेश सरकार की तरफ से मिलने वाले एक किलो काले चने एक राशन कार्ड पर एक किलो ही मिलेंगे। मोदी के ओदश के बाद अधिकारी भी अपने स्तर पर काम कर रहे हैं। सचिवालय से आदेश आते ही प्रदेश भर में 27 लाख गरीब परिवारों को अनाज वितरित होने का काम शुरू हो जाएगा।