लाहौल में बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मुख्य सड़कों को छोड़कर अभी भी 125 से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं। लाहौल और कुल्लू में करीब 20 बस रूट बंद हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलोड़ी दर्रा होकर भी बस सेवा बंद है। लोग कड़ाके की ठंड में पांच किलोमीटर तक पैदल चलने पर मजबूर है। ताजा हिमपात के बाद अटल टनल के दोनों छोर पर सड़क पर फिसलन होने के कारण सैलानियों को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, बुधवार को केलांग का न्यूनतम तापमान सबसे कम -7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 12 दिसंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में धूप खिली रहेगी। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के पर्यटक स्थलों में मौसम साफ रहा। बुधवार को केलंग का अधिकतम तापमान 02.5, शिमला 165, कल्पा 2.9, ऊना 27.0, धर्मशाला 17.2, नाहन 22.1, सोलन 22.0, मनाली 10.8, कांगड़ा 23.2, मंडी 22.0, बिलासपुर 23.5, हमीरपुर 23.7 और चंबा 19.5, डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 6.4, सुंदनगर 4.7, भुंतर 4.4, कल्पा 1.9, धर्मशाला 7.8, ऊना 9.4, सोलन 4.4, मंडी 5.2, बिलासपुर 7.0, हमीरपुर 6.9, चंबा 7.4, और पांवटा साहिब 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीआरओ ने कोकसर तक बहाल किया यातायात
बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा से सटे कोकसर गांव तक बीआरओ ने मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है। बुधवार को बीआरओ के ट्रक में फिक्स की ब्लेड के माध्यम से बर्फ हटाई। हालांकि, बीआरओ ने अटल टनल रोहतांग, सिस्सू से केलांग, केलांग से उदयपुर की मुख्य सड़कों को भी बहाल कर दिया है, लेकिन सड़कों पर बर्फ की परत जमने से बसें चलाना आसान नहीं है। लाहौल के अंदरूनी इलाकों के संपर्क मार्ग अभी बंद हैं। ये 125 से अधिक मार्ग हैं। पिछले सप्ताह से हो रही बर्फबारी के बाद करीब कोकसर का संपर्क कट गया था और मार्गों पर यातायात अवरुद्ध हो गया था। सड़क मार्ग खुलने से ग्रामीण अटल टनल से होकर निजी वाहनों से कोकसर पहुंच सकते हैं। कोकसर से मनाली का सफर भी आसान हो जाएगा। अटल टनल की सौगात मिलने पर दिसंबर में भी कोकसर का संपर्क घाटी के अन्य भागों और देश से जुड़ा रहने लगा है। सड़क मार्ग खुलने पर कोकसर पंचायत के प्रधान सचिन मिरुपा और ग्रामीणों ने आभार जताया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि पर्यटक और आम जन मौसम और सड़कों की हालत को देखकर ही आवाजाही करें।