हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में करीब दो माह के सूखे के बाद मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट बदली। शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, चंबा और लाहौल-स्पीति में अंधड़-बारिश के साथ ओले गिरे। शिमला का रिज मैदान और सड़कें ओलों से सफेद हो गईं। शिमला में दो घटों में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल्लू के काइस में अंधड़ से पेड़ की टहनी टूटकर एक महिला गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। काइस में बिजली गिरने से दो लड़के जख्मी हुए हैं।
प्रदेश में कई जगह दोपहर 2:30 बजे ही अंधेरा छा गया। उसके बाद 3 बजे से 5 बजे तक झमाझम बारिश हुई। रोहतांग समेत प्रदेश की ऊंची चोटियों पर फाहे गिरे। तूफान से चंबा में दो दर्जन से ज्यादा भवनों को नुकसान हुआ है। चंबा में आठ मकानों, छह स्कूल भवनों, नौ गोशालाओं और तीन रसोईघरों की छतें चंबा जिले में उड़ गई हैं। कांगड़ा के इंदौरा में बिजली गिरने से सात भैंसें मर गईं।