सवर्ण आयोग एक्ट के गठन की मांग को लेकर बुधवार को हिमाचल प्रदेश में दिनभर बवाल मचा रहा। डंडे-लाठियां लेकर पहुंचे देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि सवर्ण संगठन के हजारों प्रदर्शनकारियों ने राजधानी शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर समेत अन्य जिलों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस व कई अन्य वाहनों पर पथराव किया। पुलिस से झड़प के दौरान एक एएसपी समेत नौ पुलिस कर्मी घायल हो गए। सरकारी तामझाम ध्वस्त हो गया। धारा 144 लागू होने के बावजूद राजधानी शिमला में प्रदर्शन के दौरान पांच घंटे अराजकता जैसा माहौल रहा।
दोपहर बाद शिमला में प्रदर्शन के दौरान देवभूमि क्षत्रिय संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने देवभूमि पार्टी बनाने और विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया, जिससे संगठन दोफाड़ हो गया। आंदोलनकारी आपस में ही उलझ गए। आंदोलनकारियों का एक बड़ा वर्ग अध्यक्ष रुमित ठाकुर के खिलाफ विरोध में नारे लगाने के बाद प्रदर्शन स्थल से लौट गया। पुलिस अधीक्षक शिमला मोनिका भुटूंगरू ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ थाना बालूगंज में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।