राजधानी के लोअर चक्कर में गुरुवार को एनएच-22 पर पूरा दिन भूस्खलन का सिलसिला जारी रहा। इस कारण सड़क पर यातायात ठप हो गया। बुधवार देर रात दो बजे सड़क पर भूस्खलन हुआ। इसके बाद कुछ समय के लिए यातायात एकतरफा कर दिया गया। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे फिर भूस्खलन हुआ और सड़क पर यातायात पूरी तरह से रोकना पड़ा। हालांकि शाम को छोटे वाहनों के लिए सड़क बहाल कर दी गई। बालूगंज की तरफ से भी हाईवे बहाली का काम चल रहा है।
शाेघी की हिमुडा कॉलोनी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर 4 इंच मोटी दरारें पड़ गई हैं। इससे सड़क पूरी तरह से धंसने का खतरा बन गया है। उधर किन्नौर जिले के निगुलसरी के पास भूस्खलन से रामपुर-किन्नौर एनएच-5 गुरुवार को भी ठप रहा। राजधानी शिमला के चक्कर के पास भूस्खलन होने से लोअर हिमाचल के लिए आवाजाही प्रभावित हुई है। राजधानी में भारी बारिश के कारण बुधवार देर शाम रिच माउंट-नवबहार सड़क मच्छी वाली कोठी के पास धंस गई। वाहनों की आवाजाही ठप है। गुरुवार सुबह लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व नगर निगम मेयर सुरेंद्र चौहान ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
इतने दिन खराब रहेगा मौसम, पांच जिलों के लिए बाढ़ का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है। राज्य के कई हिस्सों में 4 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 2 सितंबर को कुछ स्थानों पर फिर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और पड़ोस में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है। बुधवार रात को चौपाल में 40.4, धौलाकुआं 20.5, नाहन 19.4, पांवटा साहिब 15.4, भरवाईं 12.0, सराहन 10.0, धर्मपुर 8.6, सांगला 8.2 व कोटखाई में 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.6, सुंदरनगर 22.1, भुंतर 20.1, कल्पा 13.4, धर्मशाला 20.0, ऊना 22.0, नाहन 22.9, केलांग 10.7, पालमपुर 19.0, सोलन 20.0, मनाली 16.2, कांगड़ा 22.2, मंडी 20.6, बिलासपुर 24.4, चंबा 21.9, डलहौजी 13.0, धौलाकुआं 24.1, समधो 15.8, कसौली 18.1, पांवटा साहिब 24.0, देहरा गोपीपुर 25.0, नेरी 23.9 व सैंज में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
शिमला में अधिकतम तापमान 21.8, सुंदरनगर 27.2, भुंतर 25.5, धर्मशाला 25.0, ऊना 30.6, नाहन 27.4, सोलन 26.5, मनाली 21.1, कांगड़ा 26.4, मंडी 27.4, बिलासपुर 30.0, चंबा 27.3, धौलाकुआं 32.6, बरठीं 29.5, ताबो 30.7, नेरी 29.1 व सैंज में 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।