हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद अभी जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौटा है। सूबे में अभी भी एक एनएच समेत 290 सड़कें बंद हैं। 24 ट्रांसफार्मर और 59 जलापूर्ति योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। जिला कुल्लू और लाहौल में अभी भी करीब 142 से सड़कों पर यातायात बंद है। इसमें एनएच-305 भी शामिल है, जो सवा एक माह से बंद है। सासे ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हिमखंड की चेतावनी जारी की है। एनएच पांच पर शिल्ती के पास रिकांगपिओ से भावानगर की तरफ जा रही कार पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं।
इसमें कार्यवाहक बीडीओ भावानगर विनय कुमार नेगी और रिकांगपिओ के यूको बैंक में सेवारत हमीरपुर निवासी अनुपमा (31) घायल हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने नौ फरवरी को कई भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। धूप खिलने से न्यूनतम और अधिकतम पारे में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, फिसलन के चलते सुबह 10 बजे से पहले शिमला से कुफरी की ओर पर्यटक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
दिसंबर से हो रही भारी बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बंद पड़ा है। इस मार्ग पर 8 से 10 फीट तक बर्फ गिरी है, जिसे हटाना आसान नहीं है। इस सर्दी के सीजन की बर्फबारी खत्म होते ही सीमा सुरक्षा संगठन अप्रैल में मनाली-लेह मार्ग को यातायात के लिए बहाल करेगा, जबकि मनाली से केलांग तक मार्ग की बहाली का काम चला है। सड़कें बहाल करने के लिए सरकार ने लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की हैं। विभाग ने 700 मशीनें जेसीबीए डोजर आदि सड़क बहाल करने के लिए लगाई हैं, वहीं 18 हजार कर्मचारियों को फील्ड में लगाया है। भारी बर्फबारी के बाद सासे ने पूरे हिमालय क्षेत्र में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 13.2 से बढ़कर माइनस 3.6 पहुंच गया है। , कल्पा माइनस 1.0, कुफरी -0.8, मनाली 0.4, डलहौजी 2.6, शिमला 4.0, सुंदरनगर 3.4, भुंतर 3.9, धर्मशाला 7.2, ऊना 5.8, नाहन 9.7, पामलपुर 6.0, सोलन 3.6, कांगड़ा 7.2, मंडी 5.1, बिलासपुर 6.5, हमीरपुर 6.8, चंबा 6.9, जुब्बड़हट्टी 5.6 और पांवटा साहिब में 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रिकॉर्ड समय में बहाल की विद्युत और पानी की आपूर्ति : जयराम
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि इस वर्ष सर्दियों के मौसम में रिकॉर्ड बर्फबारी के बावजूद सरकार ने इससे प्रभावित क्षेत्रों में रिकॉर्ड समय में विद्युत और पानी की आपूर्ति बहाल की है। कहा कि जिलों की सभी प्रमुख सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संपर्क मार्ग खोलने के हरसंभव प्रयास किए गए हैं। सीएम ने कहा कि वाहनों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मशीनरी और लोग तैनात किए गए हैं। पर्यटकों को किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए सुबह के समय बर्फीले क्षेत्रों में अपने वाहन सावधानी से चलाने का परामर्श दिया गया है।