कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनत तामपान 6.0, सुंदरनगर 7.9, भुंतर 7.1, कल्पा -1.2, ऊना 4.8, नाहन 8.1, पालमपुर 6.0, सोलन 5.6, मनाली 0.6, कांगड़ा 9.7, मंडी 9.4, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 8.1, जुब्बड़हट्टी 7.4, कुफरी 1.7, कुकुमसेरी -2.9, नारकंडा -1.0 , रिकांगपिओ 0.4, सेऊबाग 6.5, बरठीं 7.2, चाैपाल 5.3, कसाैली 7.1, पांवटा साहिब 9.0, ताबो -8.9, मशोबरा 4.1 व देहरा गोपीपुर में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जानिए कितने दिन बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 27 जनवरी को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। साथ ही कुछ जगहों पर एक या दो बार भारी बारिश-बर्फबारी भी हो सकती है। चंबा, कुल्लू, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले के लिए बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 1 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 28, 30 और 31 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 2 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 29 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की बहुत संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
सोलंगनाला में एक फीट से अधिक बर्फ गिरी, पर्यटक खुश
पर्यटन नगरी में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया है। सोमवार को सुबह से ही हो रही बारिश के बाद मनाली शहर में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। जबकि सोलंगनाला और साथ लगते इलाकों मे सोमवार रात को एक फीट से अधिक बर्फबारी हुई। इसके अलावा मनाली मे पांच इंच, पलचान में 10 इंच, कोठी मे एक फीट बर्फबारी हुई। भारी बर्फबारी के कारण घाटी का जनजीवन ठप हो गया है। बर्फबारी के कारण बंद हुए संपर्क मार्गों को बहाल करने का कार्य मंगलवार को खराब मौसम के बीच जारी रहा। लोक निर्माण विभाग ने लगभग 90 प्रतिशत सड़कों को खोल दिया है। जबकि अन्य मार्गों से बर्फ हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। नगर परिषद ने भी शहर की गलियों और सड़कों से बर्फ हटा दी है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आकाश सूद ने बताया कि सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। अधिकतर सड़कों से बर्फ हटा दी गई है।
मनाली: अटल टनल स्नो गैलरी में फंसे दो पर्यटकों को सुरक्षित बचाया
पुलिस ने अटल टनल स्नो गैलरी में फंसे दो पर्यटकों को सुरक्षित बचाया है। मंगलवार सुबह फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति फर्स्ट स्नो गैलरी धुंधी के पास बर्फ में फंसे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद अटल टनल सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम की ओर से तुरंत दोनों सैलानियों को रेस्क्यू किया गया और सुरक्षित मनाली की तरफ लाया गया। इनमें रामेश्वर(28) निवासी झारखंड व दीपक(19 ) निवासी उतर प्रदेश शामिल हैं।
मनाली, बंजार के सभी स्कूलों में अवकाश, कुल्लू के 13 स्कूल रहेंगे बंद
जिला कुल्लू के कुछ भागों में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर फैसला लिया है। उप मंडल दंडाधिकारी कुल्लू के अनुसार वर्तमान एवं आगामी मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ संवेदनशील बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन जोखिमपूर्ण हो सकता है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ऐसे में कुल्लू के 13 स्कूल बंद रहेंगे। जबकि मनाली और बंजार उपमंडल में सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया है। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनजातीय जिले किन्नौर में तेज बर्फबारी जारी, ठंड का प्रकोप बढ़ा
जनजातीय जिले किन्नौर में बीती रात से तेज बर्फबारी जारी है। इससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जनजीवन पर दोबारा असर पड़ा है। रामपुर में दोपहर से लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा शिमला के नारकंडा, कुफरी सहित ऊपरी क्षेत्रों में भी बर्फबारी का दाैर जारी है। पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद हालात सामान्य नहीं हुए हैं, अब ताजा हिमपात ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रोशन ने अपने खर्चे पर दी जेसीबी
होटलों में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए होटलियर भी आगे आए हैं। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने अपने खर्चे पर कुल्लू से जेसीबी मंगवाकर ओल्ड मनाली की सड़क से बर्फ हटवाई। सोमवार और मंगलवार को ओल्ड मनाली में बर्फ हटाने के बाद यह जेसीबी कन्याल की तरफ गई। रोशन ने कहा कि पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए होटलों को जोड़ने वाली सड़कों से बर्फ हटाई जा रही है।