हिमाचल प्रदेश में भले ही व्हाइट क्रिसमस के आसार नहीं हैं, लेकिन इससे पहले प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। देश-दुनिया में प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर शनिवार को बर्फ से लकदक हो गए हैं। इससे वाहनों के लिए अटल टनल बंद कर दी गई है। जिला कुल्लू, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा के साथ, सिस्सू, बारालाचा, कुंजम दर्रा, कोकसर सहित ऊंची चोटियों में दोपहर बाद ताजा बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने पर टनल के दोनों छोर पर तैनात पुलिस ने पर्यटक वाहनों को वापस मनाली भेजा। उधर, जिला के भरमौर-पांगी की चोटियों में शनिवार को 12.7 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई।
निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई हैं। भरमौर क्षेत्र के पवित्र मणिमहेश कैलाश, कुगति, चौबिया, खप्पर, बडगाम, तुंद्रा, घटौर, कवारसी जोत पर हिमपात हुआ। वहीं, सुसार हिल, नियोपार नाग, हुड़ान भुटोरी, सुराल भुटोरी, साच पास, चैहणी पास में भी बर्फबारी के बाद ठंड में पहले से इजाफा हो गया है। मौसम में आए बदलाव से कुल्लू, मनाली और लाहौल घाटी में कड़ाके की ठंड बढ़ गई। खासकर लाहौल में सुबह-शाम व रात को तापमान शून्य तक पहुंचने से पेयजल स्कीमों के साथ नदी-नाले भी जाम हो गए हैं। क्रिसमस से पूर्व हो रही बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।
29 तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 से 29 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। उधर, राजधानी शिमला समेत अधिकतर मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिलने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में सुधार हुआ है। समदो के अलावा पूरे प्रदेश के न्यूनतम पारे में उछाल आया है। शिमला शहर का न्यूनतम पारा 7.8 पहुंच गया है। अकेला समदो क्षेत्र का ही न्यूनतम पारा -0.1 डिग्री पर चल रहा है। आने वाले दिनों में पारे में और सुधार की उम्मीद है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.8, सुंदरनगर 5.1, भुंतर 5.5, कल्पा 3.5, धर्मशाला 9.2, ऊना 6.8, नाहन 9.4, केलांग 0.4, पालमपुर 5.5, सोलन 2.2, कांगड़ा 9.3, मंडी 5.4, चंबा 8.1, डलहौजी 9.0, जुब्बड़हट्टी 8.5, कुफरी 7.6, कुकुमसेरी 0.9, नारकंडा 5.9, भरमौर 8.9, रिकांगपिओ 5.9, सेऊबाग 6.6, धौलाकुआं 8.1, बरठीं 6.1, समदो माइनस 0.1, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 6.0 और देहरागोपीपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।