राजधानी शिमला में मंगलवार शाम को हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मौसम साफ रहने से ऊना का अधिकतम तापमान फिर चढ़ने लगा है। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई है। दस अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
अगस्त महीना शुरू होते ही मानसून कमजोर हो गया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। हालांकि हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। मंगलवार को शाम तक शिमला में मौसम साफ रहा। शाम करीब सवा पांच बजे के बाद शहर में बादल बरसे। छह बजे दोबारा मौसम साफ हो गया।
मंगलवार को भुंतर में अधिकतम तापमान 34.8, कांगड़ा में 34.7, सुंदरनगर में 34.3, बिलासपुर में 33.5, हमीरपुर में 33.2, चंबा में 32.7, सोलन में 31.2, धर्मशाला में 29.4, नाहन में 29.2, शिमला में 25.8, केलांग में 25.2, कल्पा में 23.0 और डलहौजी में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, मंगलवार रात को मैहरे में 35, धर्मशाला में 26, बिलासपुर-बंगाणा में 12, पालमपुर में नौ, डलहौजी में सात और गगल में चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।