प्री मानसून की सुस्त रफ्तार और ऑरेंज अलर्ट के बीच बुधवार को हिमाचल में मानसून के प्रवेश करने के आसार हैं। प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी हुई है। पूरे प्रदेश में 29 जून तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 24 या 25 जून को मानसून के प्रवेश करने की प्रबल संभावना है। इस साल बरसात सामान्य रहने के आसार हैं। सोमवार रात को प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्री मानसून की बारिश हुई। मंगलवार को धर्मशाला में 26 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शाम के समय शिमला में भी बौछारें पड़ीं। राजधानी शिमला में मंगलवार को दिन भर मौसम खराब रहा। शहर में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई। शाम को कुछ देर के लिए बादल बरसे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा।
यह भी पढ़े:
Coronavirus: हिमाचल के चंबा में दो नए पॉजिटिव मरीज
मैदानी जिलों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान में भी मंगलवार को कमी दर्ज हुई। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 38.0, बिलासपुर में 36.5, हमीरपुर में 36.2, भुंतर में 35.4, सुंदरनगर में 33.8, कांगड़ा में 32.6, मंडी में 32.0, नाहन में 31.7, सोलन में 30.5, चंबा में 31.6, धर्मशाला में 30.8, मनाली में 29.4, कल्पा में 26.0, केलांग में 25.9, शिमला में 24.6 और डलहौजी में 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, सोमवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 26.0, बिलासपुर में 24.5, हमीरपुर में 24.2, नाहन में 25.5, कांगड़ा में 23.5, धर्मशाला में 19.6, शिमला में 17.8, कल्पा में 14.8 और केलांग में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। विभाग ने आज शिमला, सोलन और सिरमौर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 24 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कुल्लू जिले के लिए भी भारी बारिश-अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए भारी से भारी बारिश और अंधड़ चलने काऑरेंज अलर्ट है। 25 जून को शिमला, सोलन और सिरमौर में ही भारी बारिश का अलर्ट है।