दिल्ली में सुबह के समय धुंध के कारण शुक्रवार को दिल्ली से कांगड़ा हवाई अड्डा आने वाली इंडिगो कंपनी की एक फ्लाइट रद्द रही। यह फ्लाइट दिल्ली से कांगड़ा हवाई अड्डा सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचती है, मगर कम दृश्यता होने से चलते दिल्ली से ही फ्लाइट ने उड़ान नहीं भरी। इसके चलते दिल्ली से सुबह कांगड़ा हवाई अड्डा के लिए कई यात्री नहीं पहुंच सके।
इसके अलावा इंडिगो की एक दिल्ली और एक चंडीगढ़ से फ्लाइट दोपहर के समय कांगड़ा हवाई अड्डा आईं। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के बाद ठंड का असर और बढ़ गया है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में शीतलहर तेज हो गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1, ताबो में माइनस 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दो दिनों में बारिश-बर्फबारी के पूर्वानुमान से किसानों और बागवानों में उम्मीद जगी है। प्रदेश में लंबे समय से सूखे हालात के चलते फसलें प्रभावित हो रही हैं।
शिमला में न्यूनतम पारा परे प्रदेश में सबसे ज्यादा
शिमला में रात का पारा 12.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है। इससे पहले साल 1991 में 17 दिसंबर को शिमला का न्यूनतम पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वीरवार रात को सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 2.7, भुंतर में 3.5, कल्पा में 3.4, धर्मशाला में 8.8, ऊना में 7.0, नाहन में 9.8, सोलन में 3.2, मनाली में 4.6, कांगड़ा में 5.7, मंडी में 6.2, बिलासपुर में 7.3, हमीरपुर में 4.9, जुब्बड़हट्टी में 9.2, कुफरी में 10.3, नारकंडा में 6.7, भरमाैर में 8.1, रिकांगपिओ में 4.4, कसाैली में 11.7, पांवटा साहिब में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 25.2
हमीरपुर 24.3
मंडी 22.8
बिलासपुर 21.7
कांगड़ा 21.5
सोलन 21.2
नाहन 20.0
शिमला 18.2
मनाली 17.4