लगातार तीन दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से रविवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 2 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से राज्य में 3 दिसंबर को मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 4 व 5 दिसंबर को मैदानी व कम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। जबकि मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
इन इलाकों में कोहरे का अलर्ट
वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं देर रात व तड़के सुबह के समय निचले पहाड़ी इलाकों, मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। यह अलर्ट बिलासपुर, हमीरपुर व मंडी जिले के लिए जारी किया गया है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.7, सुंदरनगर 4.7, भुंतर 3.2, कल्पा 3.6, धर्मशाला 10.8, ऊना 7.0, नाहन 10.0, केलांग -1.4, पालमपुर 7.0, सोलन 5.0, मनाली 4.2, कांगड़ा 8.4, मंडी 5.7, बिलासपुर 7.0, चंबा 5.7, जुब्बड़हट्टी 8.8, कुफरी 6.6, कुकुमसेरी -3.2, बरठीं 5.8, पांवटा साहिब 15.0, देहरागोपीपुर 9.0, ताबो -4.9 व बरठीं में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नवंबर में कहां कितनी बारिश
1 से 29 नवंबर तक बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमाैर व ऊना में सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश हुई। जबकि चंबा 88, कांगड़ा 99, किन्नाैर 57, कुल्लू 98, लाहाैल-स्पीति 70, मंडी 99, शिमला 91 व सोलन में 97 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है।
बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला नगर निगम की तैयारी, चार जोन में बांटा जाएगा शहर
वहीं सर्दियों के माैसम में शिमला में संभावित बर्फबारी से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बर्फबारी के दाैरान शहर में यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। शहर को चार जोन में बांटकर बर्फबारी के दाैरान कार्य किया जाएगा। पहली प्राथमिकता अस्पतालों को जाने वाली सड़कों को खोलने की रहेगी।