नकरोड़-चांजू मार्ग पर दरकी पहाड़ी
चंबा। चुराह उपमंडल नकरोड़-चांजू मार्ग (कठवाड़ घारे) पर पहाड़ी दरक गई है। भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। ग्राम पंचायत बघेईगढ, चांजू, चरड़ा, देहरा मार्ग बंद होने से क्षेत्र पूरी तरह से कट गया है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से प्राथमिकता के आधार पर मार्ग बहाल करने की मांग उठाई है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि मार्ग भूस्खलन से बंद होने की सूचना मिलने के बाद विभागीय मशीनरी और लेबर मौके पर भेज दी गई।
इतने दिन जारी रहेगा बारिश का दाैर
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 26,30 व 31 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 27,28 व 29 जुलाई को अधिकतर स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर 25 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने 26 से 31 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दाैरान तापमान में कोई बदलाव नहीं होने की संभावना है।
मानसून में अब तक 1588 कच्चे-पक्के घर क्षतिग्रस्त
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 25 जुलाई तक 153 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 252 लोग घायल हुए हैं। 34 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 68 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1,588 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1,139 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,376 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,43,689.03 लाख रुपये पहुंच गया है।