हिमाचल प्रदेश में सितंबर 2024 में 24 तारीख तक शिमला, मनाली, धर्मशाला सहित सात शहरों में अधिकतम तापमान ने रिकाॅर्ड तोड़े हैं। शिमला में 23 और 24 सितंबर को दोनों दिन 28.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पिछले 10 वर्षों में 20 सितंबर 2024 को 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो दूसरा सबसे अधिक तापमान है। जबकि, शिमला में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 सितंबर 1994 को 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इसी तरह मनाली में 23 सितंबर को 27.7 डिग्री सेल्सियस का दूसरा सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि पिछले 10 वर्षों में 14 सितंबर 2023 को 28.4 डिग्री सेल्सियस का उच्चतम तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, मनाली में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 8 सितंबर 1987 को 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं भुंतर में 24 सितंबर को अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दूसरा सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस 01 सितंबर को दर्ज किया गया।