हिमाचल प्रदेश के मैदानी व कम ऊंचाई वाले भागों में तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ स्थानों पर आज व कल अंधड़ चलने का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कुछ स्थानों पर शनिवार व रविवार को हल्की बारिश के साथ अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 से 12 जून तक कम ऊंचाई वाले भागों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, शनिवार दिन में राजधानी शिमला में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए रहे। राज्य के सभी भागों में 10 से 14 जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 15 जून के बाद प्री-मानसून की बारिश होने के आसार हैं।