हिमाचल प्रदेश में रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं। 18 मई से प्रदेश में दोबारा से बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 19 मई के लिए पूरे प्रदेश में भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 18 मई को मध्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट है। प्रदेश में 21 मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
शनिवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली रही। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36.0, बिलासपुर में 35.5, हमीरपुर में 34.2, कांगड़ा में 32.4, नाहन में 31.3, सुंदरनगर में 30.9, चंबा में 30.5, भुंतर में 29.0, सोलन में 29.7, धर्मशाला में 25.2, शिमला में 24.2, कल्पा में 19.0, डलहौजी में 18.6 और केलांग में 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
सोलन में 16 साल में पहली बार मई में झमाझम बरसे बादल
जिला सोलन में बीते 16 वर्षों में मई में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई है। 14 मई तक सोलन में 104 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पास वर्ष 2005 से ही डाटा उपलब्ध है। ऐसे में इस डाटा के आधार पर सोलन में इस वर्ष मई में सबसे अधिक बारिश आधे माह में ही हो चुकी है। आने वाले दिनों में और बारिश होने का पूर्वानुमान है। ऐसे में इस बार सोलन सहित कई जिलों में बारिश के नए रिकॉर्ड बन सकते हैं।