पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में आज रात से माैसम के करवट बदलने की संभावना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 7 दिसंबर की देर रात से कई भागों में बारिश-बर्फबारी शुरू होने और 9 दिसंबर तक जारी रहने के आसार हैं। 8 दिसंबर को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 व 11 दिसंबर को भाखड़ा बांध (बिलासपुर) और बल्ह घाटी (मंडी) के जलाशय क्षेत्र के कई हिस्सों में सुबह व शाम को घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। उधर, बीते 24 घंटों के दाैरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शिमला में भी न्यूनतम पारा 8.4 से गिरकर 5.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आज दिनभर ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल: कर्तव्य पथ पर दिखेगी भारत-रूस मैत्री की प्रतीक नग्गर रोरिक आर्ट गैलरी, जानें इसका इतिहास