हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमए एजुकेशन में प्रवेश के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। आवेदकों की पात्रता 20 सितंबर को तय की जाएगी। काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उम्मीदवारों को काउंसलिंग के समय ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म का प्रिंटआउट, सभी मूल दस्तावेज और एक सेट फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार स्वयं उपस्थित नहीं हो सकते, वह अपने प्रतिनिधि को भेज सकते हैं। प्रवेश पाने वाले उम्मीदवारों को काउंसलिंग के समय ही फीस जमा करनी होगी।
फीस का भुगतान केवल डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से होगा। सामान्य वर्ग के लिए फीस करीब 21,000 और आईआरडीपी, बीपीएल विद्यार्थियों के लिए 15,840 रुपये निर्धारित की गई है। काउंसलिंग में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग श्रेणी के आरक्षण के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के 200 पॉइंट रोस्टर का पालन किया जाएगा। यह आरक्षण केवल हिमाचली बोनाफाइड उम्मीदवारों पर लागू होगा।