हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है। देवभूमि के कई मंदिर रहस्यों से भरे पड़े हैं। इन मंदिरों से जुड़ी देव आस्था की बातें हर किसी को हैरान कर देती हैं। ऐसा ही एक मंदिर मंडी शहर में स्थित है। बात हो रही है बाबा भूतनाथ मंदिर की। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव से एक माह पूर्व से बाबा भूतनाथ मंदिर में प्राचीन समय से मक्खन चढ़ाने की परंपरा को कायम रखते हुए हर रोज अलग-अलग रूपों का शृंगार किया जाता है। इस बार भी तारा रात्रि (सोमवार रात्रि) 11 बजे से लेकर सुबह चार बजे तक बाबा भूतनाथ का 21 किलो मक्खन के साथ विशेष शृंगार किया। स्वयंभू शिवलिंग का मक्खन से शृंगार होते ही महाशिवरात्रि के कारज शुरू हो गए हैं। अब एक महीने तक हर रोज शिवलिंग पर अलग-अगल रूपों को उकेरा जाएगा। दो से अढाई क्विंटल मक्खन इस अवधि में शिवलिंग पर चढ़ाया जाएगा।