आपदा के दौरान टेलीकॉम नेटवर्क प्रभावित होने की स्थिति में इंट्रा सर्किल रोमिंग सुविधा का प्रयोग कर लोग टेलीकॉम सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक दूरसंचार ने बताया कि आपदाओं से जान-माल की भारी क्षति होने की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू करने के लिए दूरसंचार सेवाओं का बहाल होना महत्वपूर्ण रहता है।
उन्होंने कहा कि टेलीकॉम नेटवर्क में व्यवधान की स्थिति में आईसीआर (इंट्रा सर्किल रोमिंग) को सक्रिय किया जा सकता है। किसी एक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के उपयोगकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में किसी अन्य टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर के नेटवर्क का प्रयोग कर कॉल कर सकते हैं। मोबाइल उपयोगकर्ता को अपने मोबाइल की सेटिंग्स से मैन्युअल रूप से नेटवर्क का चयन करने का विकल्प मिलेगा। वे उपलब्ध नेटवर्क से किसी भी दूरसंचार ऑपरेटर के मोबाइल नेटवर्क का चयन कर सकते हैं। ऐसा करने से अन्य टेलीकॉम ऑपरेटर जिसका कवरेज उपलब्ध है जुड़ कर और मोबाइल कनेक्टिविटी प्राप्त की जा सकती है।