हिमाचल में नई सरकार बनने से पहले बड़े ओहदों पर बैठे अफसर विदेश दौरे और छुट्टी पर चले गए हैं। अधिकांश मुख्यालय और प्रदेश सचिवालय में विरानी छा गई है। कामकाज ठप है। जो लोग अपने काम के सिलसिले में सचिवालय पहुंच रहे हैं, उन्हें कहा जा रहा है - साहब विदेश दौरे पर हैं, नई सरकार बनने पर ही फाइल टेबल से आगे खिसकेगी।
अच्छा रहेगा - नई सरकार बनने पर ही काम होने या न होने का पता करें। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त श्रीकांत बाल्दी एलटीसी (लीव ट्रेवल कनसेशन) काट रहे हैं जबकि अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल खाची विदेश दौरे पर हैं। ये अफसर चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही लौटेंगे। इसके अलावा 8 अफसर एक्सपोजर विजिट नेपाल के काठमांडू गए हैं।
इनमें संयुक्त निदेशक चिरंजी लाल, संयुक्त निदेशक शहरी विकास विभाग निशांत ठाकुर, संयुक्त निदेशक ज्ञान सागर नेगी, परिवहन निगम के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विवेक चंदेल, स्पेशल सेक्रेटरी उद्योग डीसी राणा, स्पेशल सेक्रेटरी फाइनांस डीडी शर्मा, विनय सिंह स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी, सहकारी सभाएं अतिरिक्त पंजीयक शुभकरण काठमांडू गए हैं। ये अफसर आपदा प्रबंधन के गुर सीखने गए हैं। इनके अलावा 4 अन्य एचएएस अफसर छुट्टियों पर गए हैं।
रिटायरी अफसरों ने समेटा सामान
रीइंप्लायमेंट के बाद पांच साल बड़े ओहदों पर बैठे रिटायरी अफसरों ने भी कमरे से सामान समेट लिया है। बताया जा रहा है कि इन अफसरों ने सचिवालय आना भी बंद कर दिया है।
कोई जुगाड़ में जुटा तो किसी को कुर्सी जाने का भय
कई अफसरों को अपनी सीट जाने का डर सता रहा है जबकि कई अफसर ऐसे हैं, जो महत्वपूर्ण सीट पाने के लिए जुगाड़ में जुट गए हैं। ये अफसर नेताओं के करीबियों के साथ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दरबार में ऐसे अफसर हाजिरी भर रहे हैं।