उधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) में आवेदन करने की तिथियों का निर्धारण कर लिया है। आठवीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए अभ्यर्थी 28 जून से अपना आवेदन कर सकेंगे। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय के अंतर्गत सितंबर 2021 में ली जाने वाली मिडल, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण (प्रवेश) की तिथियों का निर्धारण कर लिया है। आठवीं, 10वीं व 12वीं कक्षा के परीक्षार्थी बिना विलंब शुल्क के 28 जून से 28 जुलाई तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
29 जुलाई से 10 अगस्त तक विलंब शुल्क 1000 रुपये के साथ पंजीकरण कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि जो भी परीक्षार्थी सत्र मार्च 2009 या इसके बाद स्कूल शिक्षा बोर्ड और राज्य मुक्त विद्यालय की परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण रहे हैं, वह टीओसी के लाभ के साथ परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी एनआईओएस, सीबीएसई और अन्य मान्यता बोर्ड से 12वीं कक्षा में अनुत्तीर्ण रहे हैं, वह इस परीक्षा के लिए टीओसी के लाभ के साथ राज्य मुक्त विद्यालय के अध्ययन केंद्र के माध्यम से केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।