हिमाचल के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र की समैला पंचायत के पारगी गांव के व्यक्ति की सऊदी अरब में कोरोना से मौत हो गई है। मृतक करीब आठ साल से सऊदी अरब के दमन शहर में रह रहा था। वहां एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। करीब डेढ़ साल पहले वह सरकाघाट अपने घर आया था। चार दिन पहले उसकी अपनी पत्नी से सरकाघाट में बात हुई थी, जिसमें उसने कोरोना पॉजिटिव होने का जिक्र किया था।
बाद में व्यक्ति से किसी तरह का संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा से मदद की गुहार लगाई, क्योंकि उनके सऊदी अरब में काफी संपर्क हैं। वह पहले भी सऊदी अरब में भारतीयों की मदद कर चुके हैं। जब शर्मा ने पता लगाया तो सूचना मिली कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की मौत हो चुकी है। उधर, इस खबर के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। समाजसेवी ने इसकी सूचना एसडीएम सरकाघाट, डीसी मंडी और विधायक सरकाघाट से भी साझा की है।