महाराष्ट्र के थाने से आ रहे हिमाचल के कांगड़ा के एक युवक की शनिवार को फरीदाबाद में ट्रेन में ही मौत हो गई। देहरागोपीपुर के रहने वाले युवक की कोरोना से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इसलिए शव का फरीदाबाद में ही पोस्टमार्टम करने के अलावा कोविड टेस्ट भी होगा। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि शव पीपीई किट में लपेटकर एंबुलेंस से रविवार को देहरा पहुंचाने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर हिमाचल सरकार के प्रयासों से बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को उनके परिजनों के पास पहुंचाने के लिए रेलगाड़ियां लगातार पहुंच रही हैं।
शनिवार को एक और विशेष गाड़ी केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से 35 यात्रियों को लेकर सुबह 10 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यह ट्रेन वीरवार को रवाना हुई थी। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि शनिवार देर रात एक और विशेष ट्रेन हिमाचल के 484 यात्रियों को ठाणे महाराष्ट्र से लेकर चक्की बैंक पठानकोट स्टेशन पहुंचेगी। केरल और महाराष्ट्र कोरोना को लेकर रेड जोन में शामिल हैं। वहीं अहमदाबाद से शनिवार को शाम 5 बजे चली गाड़ी रविवार दोपहर 1:30 बजे ऊना पहुंचेगी। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसी सप्ताह चेन्नई तथा हैदराबाद में फंसे 377 हिमाचलियों को लेकर भी दो विशेष ट्रेनें पठानकोट पहुंची थीं। जहां से उन्हें एचआरटीसी की बसों से उनके जिलों में बनाए संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में भेजा था। एसडीएम ने बताया कि इस ट्रेन से कांगड़ा जिले के 11, हमीरपुर व कुल्लू के पांच-पांच, बिलासपुर व चंबा का एक-एक, मंडी-शिमला के चार-चार, जबकि ऊना तथा सोलन जिले के दो-दो लोग आए हैं।
कांगड़ा के लोगों को प्रशासन के मोहटली में बनाए संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में भेजा है, जबकि अन्य जिलों के यात्रियों को उनके जिलों के संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में रखा जाएगा। उधर, एक जून से शुरू हो रही रेल सेवा के लिए जिला ऊना में रेलवे स्टेशन पर रेल टिकट के लिए बुकिंग काऊंटर खोल दिए गए हैं। जिला में रेल में सीट बुकिंग करवाने के लिए ऊना और अंब रेलवे स्टेशन पर बुकिंग काऊंटर खोले गए हैं। रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग काऊंटर खोलने की पुष्टि स्टेशन मास्टर रोहित झा ने की है।