प्रदेश तकनीकी शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में निजी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2020-22 एवं 2021-22 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों की अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा अगस्त में ली गई थी।
अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा में हिमाचल के छह प्रशिक्षु देशभर में टॉप तीन स्थानों में नाम दर्ज करवाने में सफल हुए हैं। प्रदेश के इन छह आईटीआई प्रशिक्षुओं ने पांच विभिन्न व्यवसायों में देशभर में प्रदेश का डंका बजाया है। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में निजी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2020-22 एवं 2021-22 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों की अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा अगस्त में ली गई थी। इसका परीक्षा परिणाम भारत सरकार कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय प्रशिक्षण महा निदेशालय नई दिल्ली ने घोषित कर दिया है। पहले तीन स्थानों पर बाजी मारने वाले छह प्रशिक्षुओं में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शमशी की मुस्कान और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर के साहिल कुमार ने पहला स्थान हासिल किया है।
विज्ञापन
दूसरा स्थान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जुब्बल की कंचन बुशहरी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुंदरनगर के अनिश कपूर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छत्तरी के भारत भूषण ने प्राप्त किया है। तीसरा स्थान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर के मनीष कुमार ने स्थान हासिल किया है। बता दें कि इस परीक्षा में प्रदेश के करीब 30 हजार प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया था। प्रैक्टिकल एवं इंजीनियरिंग ड्राइंग विषयों के अतिरिक्त अन्य विषयों की परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षण के जरिये ली गई थी तथा प्रदेश में करीब 37 सेंटर बनाए थे। तकनीकी शिक्षा निदेशक विवेक चंदेल ने बताया कि प्रदेश में 60 विविध व्यवसायों में प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अगस्त में हुई परीक्षा में प्रदेश के छह प्रशिक्षणार्थियों ने पांच विविध व्यवसायों में देश के टॉप तीन में अपने नाम दर्ज कराए हैं। परीक्षा परिणाम 94.5 प्रतिशत रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने विजेता प्रशिक्षणार्थियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।