सात अक्तूबर को राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग जाएंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर जाएंगी। इस दौरान उन्हें अटल टनल और इसके महत्व के बारे में जानकारी भी दी जा सकती है। राष्ट्रपति के पिछले हिमाचल दौरे में भी अटल टनल जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह वहां नहीं जा पाईं थीं। इस बार भी टनल जाने का कार्यक्रम मौसम की स्थिति पर निर्भर रहेगा। अगर मौसम साफ रहा तो राष्ट्रपति निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अटल टनल के दोनों छोर का दौरा करेंगी।
सात अक्तूबर को ही वह कुल्लू के प्रसिद्ध हिडिंबा माता मंदिर में भी जाएंगी और वहां दर्शन करेंगी।उल्लेखनीय है कि शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट में राष्ट्रपति सामान्य तौर पर गर्मियों में प्रवास करती रही हैं। हालांकि, इस बार छह से आठ अक्तूबर के प्रस्तावित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के शिमला स्थित द रिट्रीट आने का कार्यक्रम शामिल नहीं है। आठ अक्तूबर को हिमाचल से नई दिल्ली लौटेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार ने संबंधित जिलों के प्रशासन और अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बिलासपुर और कुल्लू के जिला प्रशासन के साथ लाहौल-स्पीति प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। सुरक्षा, यातायात, आवागमन, ठहराव और अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है।