हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि युवा कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेगी। उन्होंने भाजपा से पूछा है कि देश के लोग खास कर युवा वर्ग यह जानना चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी वादे कब पूरे होंगे।
इसमें विदेशों से काला धन लाने और हरेक के बैंक में 15 लाख रुपये आने के साथ अच्छे दिन आने की जो बातें कही गई थीं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार जिस प्रकार अध्यादेशों के द्वारा लोगों पर जनविरोधी कानून थोपने के प्रयास कर रही है, ऐसे हर जन विरोधी कदम का युवा कांग्रेस विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि देश के किसानों पर भू-अधिग्रहण अध्यादेश थोपकर मोदी सरकार ने अपना तानाशाही रवैया दिखाना शुरू किया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। विक्रमादित्य सिंह ने देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले की आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार कमी होने के बावजूद देश में इनके मूल्य में बढ़ोतरी से साफ है कि देश के लोगों को अच्छे दिनों का तोहफा मूल्य वृद्धि के रूप में दिया जा रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वास्तव में भाजपा की कथनी और करनी में सदैव ही अंतर रहा है और भाजपा का असली चेहरा लोगों के सामने आने लगा है।