शिमला में गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के हुई बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन हो गया । इसके कारण शहर की कई सड़कें बंद हो गईं। भूस्खलन के कारण अनाडेल सड़क सभी तरह के वाहनों के लिए बंद कर दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का काफिला भी शुक्रवार सुबह वाया कैथू अनाडेल मैदान के लिए रवाना करना पड़ा। इस सड़क पर नाग देवता मंदिर के पास भूस्खलन हो गया है। सड़क का हिस्सा धंसने से इस पर आवाजाही बंद करनी पड़ी है।
अब यहां डंगा लगाकर ही सड़क बहाल होगी। उधर, टुटीकंडी वार्ड के पांजड़ी इलाके में भी सड़क पर मलबा आने से आवाजाही बंद हो गई है। यहां बारिश से और भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। यहां एक चीड़ का पेड़ भी उखड़ गया। वहीं शहर के साथ लगते बड़श इलाके में भी पहाड़ी से पत्थर गिरने से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं और यहां भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। पत्थर गिरने से यहां सड़क किनारे खड़ी दो कारों को नुकसान पहुंचा है। एक कार चकनाचूर हो गई है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 17.6, सुंदरनगर 22.1, भुंतर 22.5, कल्पा 16.8, धर्मशाला 23.2, ऊना 24.7, नाहन 25.2, केलांग 13.9, पालमपुर 20.0, सोलन 22.0, मनाली 14.9, कांगड़ा 23.8, मंडी 25.2, बिलासपुर 25.5, हमीरपुर 26.7, चंबा 24.6, डलहाैजी 16.2, कुफरी 16.3, रिकांगपिओ 20.2, धाैलाकुआं 25.6, बरठीं 24.7, कसाैली 19.7, पांवटा साहिब 25.0, सराहन 21.0, सैंज 22.9 और बजाैरा में 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 24.8
सुंदरनगर 33.7
भुंतर 36.7
धर्मशाला 29.0
ऊना 37.4
नाहन 26.6
केलांग 26.9
सोलन 30.2
कांगड़ा 34.4
मंडी 34.5
बिलासपुर 34.8
हमीरपुर 33.5
चंबा 34.4
रिकांगपिओ 32.1
सेऊबाग 34.8
बरठीं 33.4
नेरी 35.6
बजौरा 34.9